मुजफ्फरनगर। शहर के बेहतर विकास और संदरीकरण को लेकर नगर पालिका और एमडीए अधिकारियों की बैठक में घंटो मंथन हुआ।
तय हुआ कि शहर के चौराहों, सड़कों, डिवाइडर और पार्कों के विकास के लिए दोनों विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। कार्ययोजना बनाने में समन्वय बना रहेगा। परिक्रमा मार्ग पर नाला बंद होने के कारण हो रहे जलभराव की समस्या का समाधान मिलकर करेंगे। संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और एमडीए वीसी कविता मीणा ने अधिकारियों की टीम के एमडीए सभागार में बैठक की। वीसी ने बताया कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करते समय यह जान लेना होगा कि अन्य विभाग तो उसकी कार्ययोजना नहीं बना रहा। इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा कि क्षेत्र का समग्र विकास हो। जिसमें दोनों विभागों के बीच समन्वय बना रहे। इसके साथ ही विकास कार्यो में एकरूपता बनी रहे।
शहर के चौराहों और पार्कों का विभाजन करते हुए उनके विकास के लिए योजना बनाने पर सहमति बनी, ताकि अनावश्यक रूप से एक ही कार्य पर दोनों का पैसा और समय बर्बाद न हो सके। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, गौरव स्वरूप, एमडीए सचिव आदित्य प्रजापति, पालिका एई निर्माण अखंड प्रताप सिंह, एई जलकल सुनील कुमार, एमडीए एक्सईएन माैजूद रहे।ो