खतौली। मोहल्ला दयालपुरम में नाली से कूड़ा निकालकर दरवाजे के बाहर डालने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए।
दयालपुरम निवासी पंकज ने बताया कि उसके मकान के पास में संजीव का भी मकान है। आरोप है कि संजीव पक्ष के लोग नाली साफ कर उसका कूड़ा दरवाजे के सामने निकाल देते हैं। कई बार इस बात का विरोध किया जा चुका, लेकिन वे मानने को तैयार नही हैं। रविवार को भी उनके पास दिल्ली से अधिवक्ता कुनाल आए हुए थे। उस समय भी उन्होंने घर के बाहर कूड़ा निकला, जिसका विरोध किया, तो संजीव अपने कई साथियों के साथ उनके घर आया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें पंकज, कुनाल, अनिरुद्ध घायल हो गए।
शोरशराबे की आवाज पर आसपास के लोगों को आता देख हमलावर भाग गए। उधर मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को पकड़कर थाने ले आई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पंकज ने थाने में तहरीर देकर मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।