मुजफ्फरनगर। कानून व्यवस्था देखने आए जिले के नोडल अधिकारी डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बुधवार को डीएम-एसएसपी के साथ जेल का निरीक्षण किया। साफ-सफाई नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जेल अफसरों को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने व्यापारियों के साथ गोष्ठी में भी हिस्सा लिया और अफसरों को त्योहारों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए।
जनपद के कानून व्यवस्था के नोडल अधिकारी डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल बुधवार सुबह पुलिस ऑफिस पहुंचे और सभी कार्यालयों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से वार्ता की। विभागीय अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीआईजी ने डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया। डीआईजी ने जेल में अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी लेने के साथ ही रसोईघर, जेल अस्पताल और भंडारगृह का निरीक्षण किया। बैरकों में पहुंचकर बंदियों से वार्ता की और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। इसके बाद डीआईजी व एसएसपी पुलिस लाइन सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों के साथ गोष्ठी में भाग लिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से वार्ता करते हुए उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन देते हुए व्यापारियों की सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के साथ शासन स्तर पर भी कराने की बात कही। एसएसपी अभिषेक यादव ने डीआईजी को रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और क्राइम कंट्रोल के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी।
-------
पुलिस लाइन में किया कैंटीन का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। नोडल अधिकारी डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बुधवार शाम पुलिस लाइन में स्थापित की गई पुलिस सब्सिडियरी कैंटीन का भी शुभारंभ किया। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि कैंटीन में पुलिसकर्मियों को बेहद रियायती दरों पर जरूरी खाद्य सामग्री व अन्य वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुरकाजी थाने का भी किया निरीक्षण
पुरकाजी। नोडल अधिकारी डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बुधवार को पुरकाजी थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के समस्त स्टाफ की मीटिंग लेकर उन्हें विवेचनाओं का समय से निस्तारण करने और मुकदमों की निष्पक्ष जांच कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उधर, इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा को क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर अपराध पर अंकुश लगाने और थाने पर शिकायतें लेकर आने वाले पीड़ितों की हरसंभव मदद व उन्हें सहयोग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने थाने की जर्जर इमारत के स्थान पर नई बिल्डिंग बनाने के प्रस्ताव को भी शासन को भेजने की बात कही।
पुलिस लाइन में शहीद स्मारक का उद्घाटन
मुजफ्फरनगर। जनपद के नोडल अधिकारी डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बुधवार शाम के समय पुलिस लाइन में शहीद स्मारक का भी उद्घाटन किया। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि शहीद स्मारक को जनपद के शहीद पुलिसकर्मियों की शहादत को नमन करने के लिए स्थापित किया गया है।