संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में मरीजोंं को संक्रमण से बचाने के लिए मैली चादरों को थर्मल डिसइंफेक्शन युक्त मशीनों से धोया जाएगा। जिसके लिए जिला चिकित्सालय परिसर में ही आधुनिक लॉन्ड्री की स्थापना हो रही है। जिसमें पानी का तापमान 65 से 75 डिग्री सेल्सियस रखा जाता है। जिससे कपड़ों और चादरों के बैक्टीरिया और वायरस नष्ट हो सकें।
जिला चिकित्सालय में मरीजों के बेड पर बिछाई जाने वाली 150 से अधिक मैली चादरों को प्रतिदिन धुलाई के लिए भेजा जाता है। आमतौर से बाहर कराई जा रही चादरों की धुलाई में मानकों का उल्लंघन होने के कारण मरीज को संक्रमण की आशंका रहती है। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला चिकित्सालय की मैली चादरों की धुलाई की जिम्मेदारी जॉनी केयर नाम की कंपनी को सौंपी जा रही है। कंपनी की मांग पर जिला चिकित्सालय परिसर में ही आधुनिक लॉन्ड्री स्थापना के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि आधुनिक लॉन्ड्री स्थापना के लिए भवन बनकर तैयार हो गया है। बिजली कनेक्शन के बाद मशीनों की स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि लॉन्ड्री का संचालन शुरू होने पर मरीजों को संक्रमण की संभावनाएं काफी घट जाएगी।