मुजफ्फरनगर। बुजुुर्गों केे जीवन को सुरक्षित रखने और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सवेरा’ योजना की शुरूआत की है। इसके तहत डायल-112 पर बुजुुर्गों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है, जिन्हें जरूरत होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जनपद में अब तक छह हजार से अधिक बुजुर्ग अब तक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
शासन की ‘सवेरा’ योजना के तहत बुजुर्गों को सुरक्षा के साथ ही मेडिकल समेत अन्य सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के लिए जनपद के सभी थानों में वरिष्ठ नागरिक सेल का गठन किया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि योजना के तहत बुजुर्गों को डायल-112 पर कॉल कर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसमें उनका नाम-पता समेत उनके संबंध में सभी जरूरी जानकारियां को संग्रहित कर उनका डाटा बनाया जाएगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने वाले बुजुर्ग को आपात स्थिति में कभी भी किसी तरह की मदद की आवश्यकता होगी तो वे डायल-112 पर कॉल कर सकते हैं। इसके बाद उनके पहले से संग्रहित डाटा के आधार पर संबंधित क्षेत्र में मौजूद डायल-112 की पीआरवी को उनकी तत्काल मदद के लिए रवाना किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर थाना स्तर पर गठित वरिष्ठ नागरिक सेल की टीम भी मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण करेगी। यही नहीं, संबंधित थाने की बीट प्रणाली के तहत पुलिसकर्मी नियमित रूप से बुजुर्ग के घर पहुंचकर उनसे वार्ता करेंगे, ताकि कोई भी समस्या होने पर मदद मुहैया कराई जा सके। अब तक जनपद में इस योजना के तहत 6,385 बुजुर्ग अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
दो बुजुुर्गों को पहुंचाई जा चुकी है मदद
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि ‘सवेरा’ योजना के तहत अब तक जिले में दो लोगों को मदद पहुंचाई जा चुकी है। इनमें भोपा में कुछ दिन पूर्व पारिवारिक झगड़े में वृद्धा आत्महत्या करने का इरादा कर घर से निकलकर गंगनहर पुल पर पहुंच गई। परिजनों द्वारा डायल-112 को सूचना दी, जिस पर तत्काल गंगनहर पहुंचकर वृद्धा को बचाया गया। वहीं, बुढ़ाना क्षेत्र में इसी तरह कुछ युवकों द्वारा एक वृद्ध को परेशान किए जाने की सूचना पर भी डायल-112 ने वहां पहुंचकर उन्हें त्वरित सहायता प्रदान की।