यातायात में बाधित बनी धर्मस्थल की सीढ़ियां ध्वस्त
मुजफ्फरनगर। शहर के बकरा मार्केट स्थित धर्मस्थल की अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाई गईं सीढ़ियों को सीवर लाइन निर्माण के दौरान प्रशासन द्वारा ध्वस्त करा दिया गया है। उक्त सीढ़ियों की आड़ में कई अन्य निर्माण भी हो गए थे, जो सड़क संकरित होने के कारण यातायात में भी बाधक बने हुए थे।
शहर के नावल्टी चौक से हनुमान चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर बकरा मार्केट से ठीक पहले धर्मस्थल स्थित है। ऊंचाई पर बनी इस धर्मस्थल में आने-जाने के लिए ठीक नीचे स्थित नाले पर अवैध रूप से स्थायी अतिक्रमण कर सीढ़ियां बना दी गईं थीं। इन सीढ़ियों की आड़ में कई अन्य लोगों ने भी अवैध रूप से नाले पर कब्जा कर दुकानें तक बना ली थीं, जिसके चलते यह मार्ग पूरी तरह संकरित हो चुका था। वाहनों का भारी दबाव होने के चलते यहां हर समय जाम लगा रहता था, लेकिन मामला धर्मस्थल से जुड़ा होने के चलते प्रशासन इस अवैध कब्जे को कभी नहीं हटवा पाया। कुछ समय पूर्व इस मार्ग पर नाले को भूमिगत करने के लिए सीवर लाइन निर्माण का काम शुरू हुआ, तो प्रशासन ने अनिवार्य निर्माण का हवाला देते हुए धर्मस्थल की उक्त सीढ़ियों को पूरी तरह से ध्वस्त करते हुए हटा दिया। सीढ़ियों के साथ ही अवैध कब्जा कर बनाईं गईं दुकानें भी स्वत: ही हट गईं, जिसके चलते बेहद संकरित यह मार्ग काफी खुला नजर आने लगा है। उक्त अवैध निर्माण ध्वस्त होने के साथ ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।