चरथावल प्राचीन गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद एवं निशान चढ़ाने पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
प्राचीन गोगा म्हाड़ी पर श्रद्धालुओं ने चढ़ाए निशान
मुजफ्फरनगर, चरथावल। कोविड़ गाइडलाइन की पाबंदी के कारण प्राचीन गोगा म्हाड़ी पर परंपरागत मेला नहीं लगा, परंतु श्रद्धालुओं का सैलाब निशान और प्रसाद चढ़ाने पहुंचा। कोविड की बंदिश पर आस्था भारी पड़ी। श्रद्धा और विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने जाहरवीर बाबा की समाधि पर मत्था टेका और छड़ी पूजन किया। म्हाड़ी प्रांगण में अलग अलग मोहल्लों की छड़ी सजी थी।
रविवार को अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने घरों में हवन- पूजन कराया। कमेटी ने म्हाड़ी के पुजारी एवं परिवार के अलावा कस्बे के श्रद्धालुओं के लिए कोविड़ लाइन के पालन करते हुए प्रसाद और निशान चढ़ाने का निर्णय लिया था। इस बार भी प्रशासन ने विराट मेला लगने की अनुमति नहीं दी। सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र त्यागी ने शुभारंभ की औपचारिकता की। सुबह छह बजे से म्हाड़ी पर श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए, लेकिन म्हाड़ी प्रांगण में गोगा की समाधि एवं गुरु गोरखनाथ की मूर्ति पर मत्था टेका। भगत पवन कश्यप ने बताया कि कस्बे में पहले प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में दुकानदारों से मेला प्रांगण में दुकान नहीं लगाने की अपील की थी। शाम के वक्त काफी तादात में श्रद्धालु नतमस्तक होने पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को एक साथ परिसर में नहीं जाने दिया। कस्बे के अलावा आसपास गांवों के भक्त पर दर्शन करने पहुंचे। संरक्षक विजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, मटरू भगत, शिव कुमार कश्यप, विशाल त्यागी, जितार्थ त्यागी, अंकुर कश्यप, रूपेश त्यागी आदि सेवा में जुटे रहे।
चरथावल प्राचीन गोगा म्हाड़ी पर प्रसाद एवं निशान चढ़ाने पहुंचे श्रद्धालु।- फोटो : MUZAFFARNAGAR