संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/छपार। रामपुर तिराहा स्थित बाबा काली सिंह के प्राचीन सिद्धपीठ पर दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। मंदिर प्रांगण, बाबा की समाधि काे जीर्णोद्धार कराकर भव्य बनाया गया है।
छपार क्षेत्र में करीब 150 वर्ष से मंदिर स्थापित है। रामपुर के ग्रामीणों के साथ क्षेत्रवासियों ने मंदिर प्रांगण का सुंदरीकरण कराने का संकल्प लिया। सामूहिक सहयोग से मंदिर के मुख्य गेट को भव्य रूप दिया गया। साथ ही बाबा की समाधि को सुंदरता प्रदान की।
रविवार को कार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। हवन-पूजन पंडित अजय शर्मा ने विधि-विधान से कराया। प्रमुख यज्ञमान की भूमिका ग्राम प्रधान रामपुर विनोद शर्मा, रामपुर तिराहा स्मारक प्रभारी शुभम शर्मा, ठाकुर प्रदीप व जिला पंचायत सदस्य अमित रावल ने सपत्नीक निभाई।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, उद्यमी सत्य प्रकाश रेशू, सपा नेता राकेश शर्मा आदि अतिथियों ने मंदिर पहुंचकर मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम संयोजक में पप्पू शर्मा, रामभूल ठाकुर, बृजमोहन सिंह, संजय सिंह, प्रवीण गौतम, नाथी राम शर्मा, शुभम कुमार का सहयोग रहा।