घटनास्थल पर बिखरा खून व पड़ा तमंचा
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। बदमाशों पर पुलिस का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात्रि में देवबंद पुलिस की पेटी गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में देवबंद इंस्पेक्टर उनकी गोली का शिकार होने से बाल बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई कर पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को दबोच लिया। इस दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।
इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र देवबंद-मंगलौर रोड स्थित बॉर्डर पुलिस चौकी पर टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने सामने से आ रही बाइक पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया। बाइक रोकने के बजाए बदमाशों ने आनंद देव मिश्र पर फायर खोल दिया। इसमें वह गोली लगने से बाल बाल बच गए। बदमाशों की तरफ से फायरिंग होते देखकर पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया, जबकि उसका एक साथी बाइक छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक गिरफ्त में आया बदमाश नूना बड़ी गांव का शहजाद है, जो पूर्व में पकड़े पेटी गैंग का सक्रिय सदस्य है। बताया कि ये बदमाश कारतूस की पेटी बांधकर वारदात करते हैं, इसलिए इस गिरोह का नाम पेटी गैंग है। सीओ अजये शर्मा ने बताया कि शहजाद ने फरार साथी का नाम सलमान उर्फ गुल्लू बताया जो क्षेत्र के फुलास अकबरपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए हैं। बाइक को भी कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने बताया कि शहजाद के विरुद्ध देवबंद और बड़गांव समेत कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके चलते शहजाद पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
देवबंद में मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पड़ी बदमाशों की बाइक को देखती पुलिस- फोटो : DEVBAND