शव बरामदगी के लिए प्रदर्शन किया
मुजफ्फरनगर। गांव फुलत में विवाहिता की हत्या कर शव गंगनहर में फेंके जाने के मामले में महिला के परिजनों ने सोमवार को पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन किया और एसएसपी से शव बरामदगी तथा हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव फुलत निवासी नेहा की उसके पति कमल उर्फ जोनी ने गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को चादर में बांधकर सठेड़ी पुल से गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी छोटन लाल, मिथलेश, मोहित व मेनका अभी फरार हैं। तभी से गोताखोर गंगनहर में विवाहिता के शव की तलाश कर रहे हैं। लेकिन शव बरामद नहीं हो सका।
सोमवार को विवाहिता के परिजन युवा एकता समिति के पदाधिकारियों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे और शव बरामदगी के लिए गंगनहर का पानी रुकवाने और फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की एसएसपी अभिषेक यादव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को सांत्वना दी।