एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी को गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हिंदू जागरण मंच कार्यकर्ता
- फोटो : DEVBAND
देवबंद(सहारनपुर)। हिंदू जागरण मंच ने गृहमंत्री को पत्र भेजकर जमीयत उलमा-ए-हिंद को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त बताते हुए इस पर प्रतिबंध लगाने तथा सीएए का विरोध कर गिरफ्तारियां दे रहे लोगों को जेल भेजे जाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता प्रांतीय उपाध्यक्ष ठा. सुरेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने गृहमंत्री को प्रेषित ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार को सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वाली जमीयत उलमा-ए-हिंद राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है, जो उलमा और मदरसों के जरिए देश को गृहयुद्ध की तरफ धकेलने के लिए प्रयासरत हैं। वह लगातार देश में धरना प्रदर्शन करने के लिए लोगों को उकसा रही है। वहीं, ठा. सुरेंद्रपाल सिंह ने कहा कि देवबंद में मदरसा छात्रों ने हाईवे पर जाम कर सड़क पर नमाज पढ़ी थी जिसके बाद दिल्ली और अलीगढ़ में छात्रों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। आरोप लगाया कि जमीयत के महासचिव लगातार भड़काऊ भाषण देकर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जो देश विरोधी कार्य है। उन्होंने ज्ञापन में गृहमंत्री से जमीयत उलमा-ए-हिंद को प्रतिबंधित करने तथा मौलाना महमूद मदनी समेत अन्य लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अमित धीमान, दिनेश त्यागी, विपिन कांत, कपिल, सुनील त्यागी, समय सिंह पुंडीर, ईश्वर उपाध्याय, ठा. बबल सिंह, राजेश शर्मा, नरपत सिंह, साधुराम पंवार आदि मौजूद रहे।