बुढ़ाना। कोतवाली में पुलिस से वार्ता करते कुरथल गांव के ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
बुढ़ाना। कुरथल गांव में अंकित उर्फ भूरा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव करते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल में अंकित उर्फ भूरा (25) का शव शुक्रवार को कुरथल-नगवा मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला था। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद अंकित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अंकित व ब्रह्मसिंह के बीच कुरथल गांव के जंगल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद मारपीट में बदल गया। अंकित को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई थी।
घटना की तहरीर मृत के ताऊ कवल सिंह ने कोतवाली में दी है। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद रिपोर्ट होने के बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज कुरथल गांव के दर्जनों ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर शनिवार को सुबह करीब 10 बजे कोतवाली पहुंचे।
ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए तथा अपने घर वापस लौट गए। कोतवाली में पुलिस से वार्ता करने वालों में मोनू ठाकुर, कवल सिंह, जितेंद्र, मनोज, मैनपाल, संदीप, सत्यपाल व योगेश आदि मौजूद रहे।