बुढ़ाना। कुरथल गांव में देर रात दुकानदार राजबीर कश्यप की भाला घोंपकर हत्या करने से कश्यप समाज में रोष है। हत्यारोेपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर कश्यप समाज के लोगों ने तहसील परिसर में धरना दिया। शव को भी धरना स्थल पर ही रख लिया गया। डीएम व एसएसपी को बुलाने की मांग की। एडीएम व एसपी देहात ने पहुंच कर उन्हें आश्वासन दिया।
राजबीर कश्यप की हत्या पर रोष जताते हुए कश्यप समाज के लोग अपने वाहनों से दोपहर के समय तहसील मुख्यालय पहुंचे। सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि उनकी बिरादरी के लोगाें पर अत्याचार हो रहा है। बिरादरी के लोगों की हत्याएं हो रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कोई कार्रवाई नही होती। सभी मामलों में एसडीएम व सीओ आश्वासन तो देते है लेकिन उनकी मांग पूरी नही करते। धरने की सूचना मिलते ही एसडीएम राजकुमार व सीओ गजेंद्र पाल सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने डीएम व एसएसपी को बुलाने की मांग की।
शाम करीब साढे सात बजे एडीएम गजेंद्र कुमार व एसपी देहात आदित्य बंसल धरना स्थल पर पहुंचे। अपर जिलाधिकारी ने मांग पत्र लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर उनकी प्रशासनिक स्तर की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। पीड़ित परिवार को अधिकतम आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी।
एसपी देहात ने आश्वासन दिया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव में लेकर चले गए। खाप चौधरी डॉ. सोनू कश्यप, मा. सुशील, ऋषिपाल, प्रमोद कश्यप, सुधीर, सोनू, श्याम कश्यप आदि मौजूद रहे।