खतौली। मोहल्ला मिटठूलाल में पतंग विक्रेता का तीन मंजिला मकान भर भराकर गिर गया। इस दौरान पड़ोसी के मकान की दूसरी मंजिल क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी मंजिल पर लगे दो बड़े जाल में बंद 300 कबूतरों की भी मौत हो गई। 70 साल पुराने मकान में कोई पिलर नहीं था। तहसीलदार ने पीड़ितों को सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
मोहल्ला मिटठूलाल निवासी पतंग विक्रेता नवेद का तीन मंजिला मकान परिवार के लोगों को दरकता दिखा। जिस पर मकान मालिक ने दीवार के बराबर में एक पिलर बनाना शुरु कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने उसे रोक दिया और कहा कि मकान झुकने लगा है, जिस पर मकान मालिक नवेद ने मकान में रखा सामान हटाना शुरु कर दिया। शनिवार देर शाम तक मकान में रखा सभी समान हटा लिया गया था।
नवेद के मकान के आसपास के मकान में रहने वाले लोग भी अपने मकानों से निकल कर दूर सुरक्षित हो गए थे। शनिवार रात करीब एक बजे मकान गिर गया। मकान के मलबे का ऊपरी मंजिल का लिंटर सामने वाले पड़ोसी हाजी अनीस की दूसरी मंजिल की छत पर जाकर गिरा, जिससे उसका मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान की छत पर रखे दो बड़े जाल में बंद उसके 300 पालतू कबूतरों की मौत हो गई। मलबे की चपेट में आकर पड़ोसी अशफाक और अफजाल की दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई है। इस दौरान दूर खडे़ फैसल तथा शाकिर को मामूली चोट लगी है। एसडीएम मोनालिसा जौहरी, सीओ राम आशीष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे जानकारी ली।