देवबंद (सहारनपुर)। फेसबुक पर हुई दोस्ती दिल्ली की एक युवती को भारी पड़ रही है। युवती को प्रेमजाल में फंसाने वाला युवक शादीशुदा निकला और अब वह ब्लैकमेल कर युवती की शादी में अड़चनें पैदा कर रहा है। पीड़ित परिजनों ने देवबंद कोतवाली पहुंचकर युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
दिल्ली के करावल नगर निवासी व्यक्ति मंगलवार को अपनी बेटी को साथ लेकर देवबंद पहुंचा। यहां उक्त व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि देवबंद क्षेत्र के जगदेई निवासी युवक से बेटी की फेसबुक पर दोस्ती हुई। धीरे धीरे उनके बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान उनके बीच मोबाइल नंबर एक्सचेंज हुए। कॉल पर बात आगे बढ़ी और दोनों के बीच शादी को लेकर बातें हुईं। व्यक्ति का आरोप है कि कुछ दिनों बाद ही पता चला कि युवक शादीशुदा है। जिसके चलते बेटी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दिया। इस दौरान कई जगह बेटी के रिश्ते की बात चली, लेकिन हर बार युवक बातचीत की रिकॉर्डिंग सुनाकर इसमें अड़चनें पैदा कर देता है। इतना ही नहीं अब वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।