शेरपुर में लाइनमैन पर जानलेवा हमला
मुजफ्फरनगर। गांव शेरपुर में बेखौफ हमलावरों ने जांच करने पहुंचे लाइनमैन को बंधक बनाकर हथौड़े से हमला कर दिया। रुड़की चुंगी चौकी और शहर कोतवाली में भी हमलावरों ने पीड़ित पर हमला करते हुए विद्युत निगम के अफसरों से भी बदसलूकी की। पीड़ित ने बिल जमा करने से आए 30 हजार रुपये लूटने व मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
रामपुर तिराहा बिजलीघर पर तैनात संविदा लाइनमैन शाकिर अपने साथी संजीव के साथ चेकिंग करने गांव शेरपुर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान एक ग्रामीण ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाइनमैन शाकिर के साथ मारपीट कर दी। लाइनमैन पर हथौड़े से वार करते हुए उसके पास मौजूद सरकारी खजाने के 30 हजार रुपये भी लूट लिए गए। पीड़ित का मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया गया। पीड़ित के अनुसार वह जान बचाकर रुड़की चुंगी चौकी पर पहुंचा, तो वहां भी आरोपियों ने चौकी में घुसकर जमकर मारपीट की। जानकारी मिलने पर टाउनहाल बिजलीघर के जेई रविंद्र कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ चौकी पहुंचे और वहां से लाइनमैन को निकालकर शहर कोतवाली लेकर ले गए। यहां भी तहरीर लिखते समय हमलावर आ धमके और जेई व उनके साथियों से भी बदसलूकी की गई। हंगामा बढ़ता देख थाने में मौजूद कुछ लोगों ने बीचबचाव कर हमलावरों से जेई व अन्य कर्मचारियों को थाने से बाहर भेज दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। वहीं, कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने की कवायद कर रहे हैं।
रोहाना मेें मौजूद थी थाने की फोर्स
मुजफ्फरनगर। जिस समय लाइनमैन के साथ चौकी में ही घुसकर मारपीट और थाने में अफसरों के साथ बदसलूकी की जा रही थी, उस समय पूरे थाने की फोर्स हाईवे जाम के मामले में रोहाना में मौजूद थी। इसी का फायदा उठाते हुए हमलावर चौकी के साथ ही थाने में भी विद्युत निगम के अफसरों तक से बदसलूकी करने से नहीं चूके।