खतौली। गांव सिरधन में चार दिन से लापता तीन साल के मासूम बच्चे का शव घर के पास स्थित तालाब से मिलने से हड़कंप मच गया। तालाब में जिस स्थान पर शव मिला, वहां बच्चे का अकेले पहुंचना नामुमकिन होने के कारण हत्या की आशंका कर शव फेंकने की जताई जा रही है। पुलिस अब शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, ताकि हत्या या हादसे की स्थिति स्पष्ट हो सके।
मूल रूप से जानसठ के गांव घटायन निवासी प्रमोद वर्तमान में परिवार के साथ दौराला में रह रहा है। वह पूर्व में गांव सिरधन निवासी ट्रक चालक नरेंद्र के साथ ट्रक पर हेल्पर के रूप में काम करता था, जिसके चलते दोनों के परिवारों के बीच काफी आना-जाना और अपनत्व है। कुछ दिन पूर्व नरेंद्र दौराला में प्रमोद के घर गया था और वहां से उसके तीन साल के बेटे अंशु उर्फ पीपी को अपने साथ सिरधन ले आया था। तब से मासूम अंशु उर्फ पीपी सिरधन में नरेंद्र के परिवार के साथ ही रह रहा था।
गत 26 अक्तूबर को अंशु संदिग्ध हालात में लापता हो गया। हरसंभव तलाश के बावजूद बच्चे का सुराग नहीं लगा तो नरेंद्र ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। शनिवार सुबह नरेंद्र के घर के पास स्थित तालाब से काफी अधिक दुर्गंध आने पर कुछ लोग तालाब के पास गए तो वहां एक बच्चे का शव पड़ा देख हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकाला तो उसकी पहचान लापता अंशु उर्फ पीपी के रूप में हुई। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। लापता मासूम का शव मिलने से प्रमोद के परिवार में भी कोहराम मच गया। देर शाम तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
हत्या की आशंका, रिपोर्ट का इंतजार
गांव सिरधन में नरेंद्र के घर के पास स्थित तालाब में जिस स्थान पर बच्चे का शव मिला है, वहां तीन साल का मासूम का अकेले जाना मुमकिन नहीं है। इसके चलते बच्चे की हत्या कर शव को वहां फेंकने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते थाना पुलिस ने भी घटनास्थल के आसपास काफी गहराई से छानबीन की है। सीओ राकेश सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया शव जहां मिला है, वहां बच्चे का अकेले जाना मुमकिन नहीं है। शव की पीएम रिपोर्ट में ही साफ हो पाएगा, कि उसकी मौत कैसे हुई है। इसके बाद मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।