संवाद न्यूज एजेंसी
तितावी। गांव मांडी में श्मशान घाट के पास तालाब किनारे बोरी में लगभग 45 वर्षीय युवक का शव मिला। काफी प्रयास के बाद भी पहचान नहीं हो सकी। एसपी देहात आदित्य बंसल ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली।
शाम के समय कुछ किसान अपने खेतों पर काम समाप्त कर घर जा रहे थे। तालाब के पास से बदबू आती महसूस हुई। उन्होंने पास जा कर देखा तो पाया कि एक बोरी में कुछ बंधा पड़ा है। इसकी सूचना गांव में दी तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
सूचना देने पर डायल 112 पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने बोरी को खोलकर देखा तो उसमें लगभग 45 वर्षीय युवक का शव मिला। इसके बाद तितावी पुलिस के साथ एसपी देहात आदित्य बंसल व सीओ फुगाना नीरज कुमार भी मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद भी शव की पहचान नहीं हो पाई। सीओ नीरज कुमार ने बताया कि शव किसी मुस्लिम युवक का प्रतीत हो रहा है। शव सड़ी गली हालत में है। आसपास के गांवों में सूचना कराई गई हैै। शव को पहचान कराने के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
बताते चलें कि पहले भी क्षेत्र में शव मिल चुके हैं। लोगों ने जांच के बाद कार्रवाई की मांग की।