युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका
मुजफ्फरनगर। बेची गई जमीन के बकाया रुपये मांगने पर सिखेड़ा क्षेत्र के गांव नंगला मुबारिक निवासी युवक की गला घोंटकर हत्या कर लाश जंगल में फेंक दी गई। चार दिन से लापता युवक की लाश यहां नई मंडी क्षेत्र के गांव बीबीपुर के जंगल में बरामद हुई, जिसकी पहचान के बाद उसकी हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। युवक की पत्नी ने गांव के ही ग्रामीण के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नंगला मुबारिक निवासी राजीव कुमार ने कुछ समय पूर्व गांव के ही धर्मवीर सिंह को अपनी कृषि जमीन बेची थी। जमीन बिक्री के 90 हजार रुपये धर्मवीर सिंह पर बकाया रह गए थे, जिन्हें उसने कुछ दिन बाद देने के लिए कहा था। जमीन बेचने के बाद राजीव सिंह परिवार के साथ मेरठ जाकर रहने लगा था। 22 जनवरी को राजीव मेरठ से अपने बकाया 90 हजार रुपये लेने के लिए गांव नंगला मुबारिक आया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। दो दिन तक भी घर नहीं लौटने पर राजीव की पत्नी जूली मेरठ से नंगला मुबारिक लौटी, जहां राजीव के नहीं मिलने पर उसने पति की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इसी दौरान 25 जनवरी की रात नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बीबीपुर के जंगल से एक युवक की लाश बरामद की गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शनाख्त कराई तो शव की पहचान गांव नंगला मुबारिक निवासी राजीव के रूप में हुई, जो चार दिन से लापता था। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजीव की मौत गला घोंटकर किए जाने की बात सामने आई। उधर, पति का शव मिलने की सूचना पर नई मंडी थाने महिला जूली थाने पहुंची। पूछताछ में गांव नंगला मुबारिक निवासी धर्मसिंह पर ही हत्या कर शव बीबीपुर के जंगल में फेंके जाने का आरोप लगाया।
इंस्पेक्टर नई मंडी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि जूली की तहरीर के आधार पर धर्मवीर सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जमीन बिक्री के 90 हजार रुपये के विवाद में राजीव की हत्या की गई है। हत्यारोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। बहुत जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।