सड़क हादसे में दारूल उलूम के छात्र की मौत
देवबंद (सहारनपुर)। सांपला रोड पर सोमवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक युवक दारूल उलूम का छात्र था।
मुजफ्फरनगर के थाना छपार के गांव बसेड़ा निवासी शोएब अहमद (19) दारुल उलूम का छात्र था। सोमवार सुबह शोएब बाइक से देवबंद से अपने गांव जा रहा था। सांपला रोड पर किसी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल छात्र को देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। वहां नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में शोएब की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दारूल उलूम समेत नगर के अन्य मदरसों के छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने परिजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा। परिजनों को ही शव सौंप दिया। कोतवाल यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।