मुजफ्फरनगर। महज एक पखवाड़े पूर्व गठित हुए साइबर हेल्प सेंटर ने एक बार फिर ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए दो लोगों के 65 हजार रुपये उनके बैंक खाते में रिवर्ट कराने में सफलता हासिल की। दोनों पीड़ितों के बैंक खातों से यह रकम अन्यत्र खाते में ट्रांसफर करने के साथ ही ऑनलाइन शॉपिंग भी कर ली गई थी।
मीरापुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी सतपाल सिंह ने पुलिस ऑफिस स्थित साइबर हेल्प सेंटर को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैंक अधिकारी बनकर उसे कॉल किया गया। आरोपी ने सतपाल को झांसे में लेकर उससे बैंक खाते की डिटेल के साथ ही ओटीपी भी ले लिया और ‘ईजीबज’ के माध्यम से उसके बैंक खाते से 47 हजार रुपये अन्यत्र खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर हेल्प सेंटर प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव भटनागर ने तत्काल ‘ईजीबज’ को धोखाधड़ी से अवगत कराते हुए ट्रांसफर किए गए 47 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में रिवर्ट कराए।
दूसरा मामला भोपा क्षेत्र के गांव यूसुफपुर का है। यहां के निवासी निर्मित कुमार ने साइबर हेल्प सेंटर को तहरीर देकर बताया कि उसके बैंक खाते से 18 हजार रुपये की ‘फ्लिपकार्ट’ से ऑनलाइन शॉपिंग कर ली गई है। पीड़ित की गुहार पर हेल्प सेंटर ने कार्रवाई करते हुए तत्काल ‘फ्लिपकार्ट’ से संपर्क कर उक्त रुपये फ्रीज कराते हुए ऑनलाइन खरीदारी को निरस्त कराया। इसके बाद पीड़ित के रुपये उसके बैंक खाते में रिवर्ट करा दिए गए। आरोपियों ने बैंक अधिकारी बनकर निर्मित कुमार से उसके बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली थी।
बैंक खाते से 1.20 लाख उड़ाए, रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। जनपद शामली के थानाभवन के नवीपुरा टाउन निवासी तरुण मेहता ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह फिलहाल जानसठ रोड पर अजय स्वरूप के मकान में किराए पर रहता है। आरोप है कि 22 मार्च को अज्ञात व्यक्ति ने अजय स्वरूप को कॉल कर खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड की डिटेल हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने अजय स्वरूप के बैंक खाते से 1.19 लाख 998 रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद