जैन मंदिर में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। अंबा विहार स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हड्डियों के गोदाम के पास छिपाकर रखी गईं मंदिर की मूर्तियां, छत्र और मुकुट आदि भी बरामद कर लिए गए हैं।
शहर कोतवाली में मंगलवार को एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि अंबा विहार स्थित जैन मंदिर में रविवार देर बेशकीमती मूर्तियां व छत्र समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। चोर मंदिर की लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसा था, जो सामान चोरी करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया था। मंदिर समिति के योगेश जैन की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इंस्पेक्टर व खालापार चौकी इंचार्ज ने मोहल्ला खालापार में अन्नू मेंबर वाली गली निवासी आरिफ को गिरफ्तार किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी आरिफ की निशानदेही पर हड्डियों के गोदाम के पास एक कट्टे में छिपाकर रखा गया मंदिर से चोरी हुआ सभी सामान भी बरामद कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी विभिन्न धाराओं के 14 मुकदमे दर्ज हैं, जिसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।