राशन लेने उमड़ी भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं रहा ख्याल
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के दौरान निशुल्क राशन लेने के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ी। 36 डिग्री तापमान और चिलचिलाती धूप में लंबी लाइन लगी रहीं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। सर्वर धीमा होने से ई-पॉश मशीनों से वितरण में दिक्कत हुईं।
बुधवार को जिले की 752 ग्रामीण तथा 122 शहरी कुल 874 राशन की दुकानों पर प्रति यूनिट पांच किलो की दर से निशुल्क राशन का वितरण किया गया। जिले में 4.90 लाख कार्ड धारक तथा 20,40, 954 यूनिट हैं। जिला पूर्ति अधिकारी जाकिर हसैन ने बताया कि 26 अप्रैल तक निशुल्क राशन का वितरण किया जाना है। सर्वर धीमा होने की वजह से बुधवार को हुए राशन वितरण का सहीं आंकड़ा पता नहीं लग सका। उधर, डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने दुकानों का निरीक्षण कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया। उपभोक्ताओं के हाथों को सैनिटाइज कराकर ही राशन दिया गया।
उधर, बुढ़ाना में कस्बा व देहात क्षेत्र में निशुल्क राशन लेने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। अधिकतर दुकानों पर सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा गया। हाथ धोने के लिए साबुन व पानी की व्यवस्था राशन डीलरों द्वारा की गई। धूप में खड़े रहकर महिलाओं ने राशन लिया। फुगाना के गांव लोई, सराय, जोगियाखेड़ा आदि गांवों में पुलिस ने व्यवस्था बनवाई।
पुरकाजी में राशन वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखा गया। उपभोक्ताओं के सैनिटाइजर से हाथ धुलवाए गए। मंसूरपुर में दुकानों पर लंबी लाइन रही। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया गया।
मीरापुर में राशन डीलरों की दुकानों पर भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हुआ। राशन डीलरों को पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। एक राशन डीलर ने भीड़ को देखते हुए दुकान बंद कर दी और कुछ दिन बाद राशन देने की बात कही। इसे लेकर कुछ महिलाओं ने विरोध जताया और एसडीएम से शिकायत की।
छपार में राशन बंटना शुरू हुआ तो भीड़ लग गई। सर्वर ठप होने के कारण ई-पॉश मशीन ने काम नहीं किया। इसे लेकर लोग परेशान रहे। कई गांवों में ई-पॉश मशीनों में दिक्कत रही।