गंगा खादर में डोंडी घाट पर जोखिम उठाकर सोनाली नदी से गुजरते कांवडिए।
- फोटो : KHATAULI
मोरना। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़िए अपनी जान जोखिम में डालकर सोलानी नदी पार कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा वहां पर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिसके चलते कांवड़ियों में रोष व्याप्त है।
भोपा क्षेत्र के गांव योगेंद्रनगर में डुंडी घाट नाम से एक घाट बना हुआ है। जिस रास्ते से प्रत्येक वर्ष करीब लाखों कांवड़िए निकल कर आते हैं। उस घाट पर एक लकड़ी का अस्थायी पुल लगा दिया जाता था। जिससे कांवड़िया सोलानी नदी को पार किया करते थे तथा अपने रास्ते को जल्द ही पूरा कर लेते थे। मगर इस बार उस पुल को हटा दिया गया है। जिसके चलते कांवड़ियों को मजबूरन गंगा नदी से पानी से गुजर कर नदी को पार कर रहे हैं। कांवड़ियों ने बताया कि अगर मेन रास्ते से हम अपना सफर तय करते हैं, तो वह करीब 20 किमी की दूरी ज्यादा तय करनी पड़ती है और वह अपनी मंजिल पर नहीं पहुंच पाते। कांवड़ियों ने योगी सरकार से डुंडी घाट पर पुल बनवाने की मांग की है।