समिति मलियाना में दस दिवसीय किसान मेले का शुभारंभ, गन्ना पेराई सत्र से पहले दस्तावेजी त्रुटियां दूर होंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना में मंगलवार को दस दिवसीय किसान मेले का शुभारंभ हुआ। किसानों ने मेले में पहुंचकर अपने खेतों में हुए गन्ना सर्वे का समिति के रिकॉर्ड से मिलान किया।
समिति के अध्यक्ष बिजेंद्र प्रमुख और सचिव प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया समिति अध्यक्ष ने बताया कि आगामी गन्ना पेराई सत्र को देखते हुए किसानों के गन्ना कैलेंडर में किसी तरह की त्रुटि न रहे, इसके लिए गन्ना विभाग की ओर से किसान मेले का आयोजन किया गया है। किसान मेले में पहुंचकर अपने खेतों में हुए गन्ना सर्वे का समिति के रिकॉर्ड से मिलान करा सकते हैं। यदि किसी किसान का गन्ना रकबा सर्वे में दर्ज होने से छूट गया है तो वह उसे दुरुस्त करा सकता है। इसके अलावा खेत में बोई गई पेड़ी और पौधा गन्ने की स्थिति का भी समिति के रिकॉर्ड से मिलान कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों के खेतों में गन्ने की फसल औसत पैदावार से अधिक है, वे समिति में निर्धारित उपज बढ़ोतरी शुल्क जमा कराकर उसकी रसीद प्राप्त कर लें, ताकि रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन किया जा सके। समिति के उप सुभाष यादव ने बताया कि वारिस सदस्य बनने के इच्छुक किसान राजस्व अभिलेख में अपने नाम दर्ज भूमि की फर्द गन्ना पर्यवेक्षक को उपलब्ध कराकर वारिस सदस्य बन सकते हैं।
समिति सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि कई किसान समय रहते अपने गन्ना रकबे और रिकॉर्ड की जांच नहीं कराते। पेराई सत्र शुरू होने के बाद समस्या सामने आने पर उन्हें समिति कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। किसान मेले का उद्देश्य इसी परेशानी से बचाना है। किसानों से अपील की गई कि वे अभी अपनी समस्याओं का निस्तारण करा लें।इस मौके पर किनोनी चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक जयवीर सिंह, लोकेश राणा, सचिन सांगवान, पंकज वत्स, सुशील शर्मा, रमन, मांगेराम शर्मा, सीटू शर्मा, वीरेंद्र सिंह, अनिल कटारिया, राजीव, नवीन सांगवान, देवेंद्र शर्मा, तेजवीर और ऋषिपाल आदि मौजूद रहे।