शहर कोतवाली के मोहल्ला रहमतनगर से 23 दिन से लापता युवक का कंकाल शुक्रताल के बिहारगढ़ के जंगल में मिला है। कंकाल मिलने से युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। जांच में घटना का खुलासा होने पर एसपी सिटी ने आरोपी पक्ष के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। महिला के चक्कर में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली के रहमतनगर निवासी फराज पुत्र आफाक संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया था। तलाश के बाद भी युवक के बारे में कुछ पता नहीं चला। इस पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दस मई को फराज की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। युवक के बारे में जानकारी में जुटी पुलिस ने उसके फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया, तो उसकी आखरी लोकेशन खादरवाला की मिली।
मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को पूछताछ के दौरान पता चला की घटना को प्रेम-प्रसंग के चलते अंजाम दिया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला से संबंधों के चलते हत्या की गई है। एक माह पूर्व ही फराज सऊदी अरब से आया था। महिला से संबंधों को लेकर आशू और फराज के बीच काफी दिनों से खींचतान चल रही थी। सऊदी अरब जाने से पहले तीन वर्ष पूर्व भी महिला से फराज के संबंधों की बात सामने आई है।
पुलिस ने दो युवकों आशू उर्फ अरशद निवासी खालापार और शाहनवाज पुत्र इस्लाम निवासी अंबा विहार को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। इस पर आरोपियों ने फराज की हत्या की बात कबूल ली। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि महिला के माध्यम से फराज को पांच मई को बुलाया था।
भोपा थाना क्षेत्र में फराज को नशीला पदार्थ पिलाकर बाद में उसकी गला रेत कर हत्या कर दी थी। शव को भोपा थाने के बिहारगढ़ के जंगल में ले जाकर झाड़िय़ों के बीच दबाकर वापस आ गए थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से फिलाहल पूछताछ चल रही है। पुलिस ने आरोपियों के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
टूटे दांत और सऊदी के कागजातों से हुई पहचान
मुजफ्फरनगर। लापता फराज का शव की तलाश में जुटी पुलिस को बिहारगढ के जंगल में खुदाई के बाद उसका कंकाल ही मिल पाया। ऐसे में उसकी शिनाख्त करना मुश्किल हो गया। फराज का पहले से ही एक दांत टूटा हुआ था। परिजनों ने टूटे दांत, कपड़े और पर्स और जेब से मिले सऊदी अरब के कागजातों से उसकी शिनाख्त की। कुछ दिन पहले ही वह सऊदी से आया था। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।