शहर कोतवाली क्षेत्र में दहेज की खातिर ससुराल वालों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने भाई संग कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र आ गया है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हथना बुजुर्ग निवासी श्याम बाबू ने पुलिस को बताया कि तीन साल पूर्व बहन रिंकी की शादी शहर कोतवाली के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी रघुराज के साथ की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया। आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ससुराली रिंकी को परेशान करने लगे। अक्सर मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते हैं। पिछले दिनों बेटी ने जब शिकायत की तो पंचायत लगाकर मामले को सुलझा दिया गया, लेकिन पिछले कुछ दिनों से रिंकी के साथ मारपीट कुछ ज्यादा ही होने लगी थी।
रिंकी ने फोन कर बताया था कि उसे ससुरालियों ने जलाने का भी प्रयास किया, लेकिन पास पड़ोस के लोगों के आने की वजह से वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। भाई श्याम बाबू ने बताया कि ससुरालियों ने रिंकी को शनिवार को मारापीटा और घर से निकाल दिया। आरोप है कि ससुराली दहेज में बाइक व 50हजार रुपये लाने की मांग कर रहे हैं। कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि तहरीर आ गई है। छानबीन के बाद ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।