ताजपुर गांव में बच्चों को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसमें पथराव हुआ। झगडे़ की सूचना पर ताजपुर गांव में पहुंची पुलिस पर भी दोनों गुटों के लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस कर्मियों ने छिप कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छपार थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में सोमवार को बच्चों के बीच कहासुनी के बाद बड़ों में भी झगड़ा हो गया। झगडे़ में दोनों ओर से लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और पुलिस पार्टी पर भी पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिस कर्मियों ने छिप कर जान बचाई।
बाद में और पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। तब हमलावरों को काबू में किया। इस दौरान काफी हमलावर जंगल में भाग गए। एचसीपी नरेन्द्र नेगी की ओर से बलवा व सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक दर्जन लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने चार लोगों रेणु , नितिन, सतीश व राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसओ ने बताया कि बाकी हमलावरों की तलाश जारी है।