रिश्तों की मर्यादा तार-तार करते हुए एक युवक अपनी ही नाबालिग बेटी की अस्मत पिछले पांच महीने से लूटता रहा। किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का पता चला। आरोपी की पत्नी ने सोमवार को उसके खिलाफ तहरीर दी।
कस्बा निवासी युवक मजदूरी करता है। उसकी पत्नी भी घरों में झाड़ू पोंछा करती है। सोमवार को वह बेटी के साथ पहुंची और पति के खिलाफ बेटी के साथ दुष्कर्म करने की तहरीर दी। बताया कि जनवरी में वह काम करने के लिए गई हुई थी।
उसका पति और नाबालिग पुत्री घर पर अकेली थी। पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद से वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। किशोरी ने भी डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन जब वह गर्भवती हो गई, तो मामले का पता चला।
मां-बेटी सोमवार को शाम करीब 8 बजे कोतवाली पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ एसी शर्मा भी कोतवाली पहुंचे और महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में उन्होंने किशोरी से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अरुण त्यागी ने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।