दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने नवविवाहिता की हत्या कर दी। तीन माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। मृतका के भाई की तहरीर पर पति और सास-ससुर के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी ससुर को हिरासत में लिया है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सोंटा निवासी जयविंद की बेटी कोमल की शादी 25 नवंबर, 2016 को नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला लालबाग निवासी सुधीर कुमार से हुई थी। मायका पक्ष के अनुसार शादी में दिए गए दान दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। विवाह के बाद से ही दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।
शनिवार रात कोमल ने परिजनों को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ कुछ भी कर सकते हैं। देर रात करीब साढे़ 12 बजे ससुर का फोन आया कि कोमल के सिर में चोट लगी है और वह सरकारी अस्पताल में भर्ती है। कुछ देर बाद पुलिस का फोन आया कि कोमल की मौत हो गई है। पता चलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे।
मृतका के भाई मनीष राठी ने पति सुधीर, ससुर राजकुमार और सास के खिलाफ पुलिस को दहेज हत्या की तहरीर दी। सिर में गंभीर चोट पहुंचा कर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने नामजद आरोपी ससुर को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।