सिखेड़ा में पांच दिन पूर्व भिक्की निवासी विवाहिता पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जेल में बंद उसके पति ने ही अपने साथी से उसके ऊपर हमला कराया था। दो माह पूर्व भिक्की में हुए दोहरे हत्याकांड में आरोपी पति ने जेल में ही हमले की साजिश रची थी। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी के पास हमले में प्रयुक्त तमंचा और बाइक पुलिस ने बरामद कर ली हैं।
भिक्की निवासी महिला कंचन 22 जून को जेल में बंद अपने पति नरेंद्र उर्फ जग्गा की मिलाई कर लौट रही थी। रास्ते में दो युवकों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाकर गांव के पास पहुंचने पर गोली मारकर घायल कर दिया था। महिला का उसी दिन से दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मामले को अज्ञात में दर्ज कर दिया था और उसी दिन से घटना के खुलासे में जुुटी थी। सोमवार सुबह पुलिस ने हमले के एक आरोपी अंकुर पुत्र इलम सिंह निवासी भोपा को सिखेड़ा नहर पुल से गिरफ्तार किया। इसके पास से हमले में प्रयुक्त तमंचा 315 बोर, दो कारतूस और बाइक भी बरामद की है। आरोपी ने बताया कि हमले में उसके साथ एक और साथी विक्की उर्फ बंटी निवासी काशीपुर उत्तराखंड भी शामिल था।
बताया कि महिला को मारने की सुपारी जेल में बंद उसके पति नरेंद्र ने ही दी थी। नरेंद्र और उसकी पुरानी दोस्ती है। नरेंद्र भिक्की में 24 अप्रैल को हुए दंपति सतपाल और उसकी पत्नी सुभाष देवी की हत्या का आरोपी है। नरेंद्र अपनी पत्नी कंचन की हत्या का आरोप मृतक दंपति के परिजनों पर लगाना चाहता था। नरेंद्र की सोच थी कि ऐसा करने से हत्या के मामले में जल्दी फैसला हो जाएगा। पुलिस ने अंकुर को जेल भेज दिया है और दूसरे साथी विक्की की तलाश में जुटी है।