मुजफ्फरनगर के शहर भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी की मां को षड्यंत्र रचनेे के मामले में गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर है।
भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल 12 सितंबर की सुबह गांधीनगर स्थित अपने आवास पर लोगों की जनसमस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक उनके आवास के पास आए। दो आरोपी बाइक के पास खड़े रहे, एक आरोपी ने मकान के भीतर जाकर विधायक की आंखों में केमिकल युक्त मिर्च पाउडर झोंक दिया।
इससे पहले की आरोपी पकड़े जाते, तीनों बाइक से फरार हो गए। विधायक के सुरक्षाकर्मी ने आरोपियों का पीछा करते हुए फायर भी किया, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई थी। विधायक के भाई ललित अग्रवाल की ओर से कपिल, विक्रांत और प्रदीप के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के दौरान मुख्य आरोपी कपिल के भाई को कई दिन हिरासत में रखा था, लेकिन किसी का कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस के अनुसार दो होर्डिंग्स लगाने वालों ने बताया कि पुराने विवाद के चलते यह हमला कृष्णापुरी निवासी महिला गीता ठाकुर ने कराया है। पुलिस ने बुधवार रात गीता ठाकुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी महिला का चालान कर दिया।