फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खालापार में ताबड़तोड़ दबिश, दस लोग गिरफ्तार, चौबीस घंटे से लगातार चल रहा है सर्च ऑपरेशन 

Thu, 29 Jun 2017 12:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
खालापार में दबिश देने पहुंची पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
खालापार में हमले के बाद खाकी एक्शन में आ गई है। पिछले 24 घंटे से एसएसपी अनंत देव की अगुवाई में लगातार पुलिस का सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आसपास के कई थानों का फोर्स कार्रवाई में लगा हुआ है। एक नामजद समेत दस आरोपियों जेल भेज दिया गया है। पुलिस कार्रवाई से खालापार में सन्नाटा पसर गया है। कल तक पुलिस को आंख दिखाने वाले नेता और बवाली भूमिगत हो गए हैं। चौराहों और गलियों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। नामजद आरोपी परिवार सहित मकानों पर ताले डालकर फरार हो गए हैं। 
विज्ञापन


शहर कोतवाली के खालापार में मंगलवार सुबह गोकशी की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस पर भीड़ ने हमला कर जीप में तोड़फोड़ कर दी थी। हालात इतने बिगड़ गए थे कि पुलिस को मौके से भागकर जान बचानी पड़ी थी। पुलिस ने मामले में 17 नामजद और 25-30 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज दर्ज कर दी थी।

घटना के बाद पूरा दिन शहर में अफरातफरी का माहौल रहा। देर रात सहारनपुर मीटिंग से लौटे एसएसपी अनंत देव ने कई थानों के फोर्स को इकट्ठा कर रातभर खालापार में आरोपियों के घरों पर दबिशें दी। दबिश के दौरान पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। जिनमें एक नामजद और बाकी नौ अज्ञात के नाम जांच में सामने आए। देर रात से शुुरू हुआ दबिशों का दौर बुधवार शाम तक लगातार जारी है। 
विज्ञापन


अधिकारी पुलिस और पीएसी के साथ योजनाबद्ध तरीके से लगातार दबिशें दे रहे हैं। पुलिस कार्रवाई से खालापार में दहशत है। कस्सावान मोहल्ले में पूरी तरह सन्नाटा पसरा है। कल घटना केे दौरान पुलिस को आंख दिखाने वाले नेता और बवाली पूरी तरह से भूमिगत हो गए हैं। अफसरों ने खालापार के हर चौराहे और अतिव्यस्त रहने वाली गलियों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर रखा है। नामजद आरोपी मकानों पर ताले डालकर परिवार सहित फरार हो गए हैं।

बुधवार शाम पुलिस ने नामजद आरोपी इमरान पुत्र जमील और अज्ञात की जांच में आए शाहनवाज, आस मोहम्मद, शाहनवाज, शावेज, तहसीन, शाहिद, अबरार, जाहिद और शोएब को जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो युवक पलड़ी निवासी अबरार और शामली निवासी शावेज का कहना था कि वह तो ईद के चलते रिश्तेदारी में आए थे, पुलिस उन्हें भी पकड़ लिया है।       

पुराने धुरंधरों की ली जा रही सहायता      
फजीहत होने के बाद पुलिस ने शहर कोतवाली में रह चुके पुराने धुरंधरों की सहायता ली है। देर रात एसएसपी अनंत देव ने पूर्व में लंबे समय शहर कोतवाल रह चुके बुढ़ाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिंह चावड़ा और खतौली कोतवाल पीपी सिंह को बुलवाया है। दोनों को दबिश देने वाली पुलिस पार्टी के साथ खालापार में भेजा गया है। पूरी रात दोनों कोतवाल टीमों के साथ मौजूद रहे। दस आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दोनों लौट गए।  

पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, जमीयत ने किया खालापार का दौरा
मुजफ्फरनगर। जमीयत-ए-उलेमा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि पहले शेरपुर और अब खालापार में जिस तरीके से पुलिस ने दबिशें दी हैं, वह सही नहीं है। आधी-अधूरी सूचनाओं पर पुलिस कार्य कर रही है। वहीं, खालापार का दौरा कर पदाधिकारियों ने शांति बनाने की अपील की है।      
 
गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमले के बाद बुधवार को जमीयत उलेमा के प्रदेश महासचिव मौलाना मोहम्मद मदनी, प्रदेश सचिव जहीन अहमद, जिलाध्यक्ष मुफ्ती बिनयामीन, कारी जाकिर हुसैन ने लोगों के साथ खालापार का दौरा किया। यहां हुए बवाल की जानकारी ली।

पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस गोकशी के नाम पर लोगों के साथ ज्यादती कर रही है। खालापार और शेरपुर कांड की उच्चस्तरीय जांच-पड़ताल कराए जाने की मांग रखी है। इसके बाद जिम्मेदार लोगों के साथ वार्ता कर शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की गई। मामले में निर्दोष लोगों पर कार्रवाई के खिलाफ जमीयत पुलिस के खिलाफ आंदोलन करेगी।       
खालापार बवाल के पीछे लेनदेन का भी मामला 
मुजफ्फरनगर। खालापार बवाल में पर्दे के पीछे मामला लेनदेन से जुड़ा आ रहा है। लोगों का आरोप है कि सुविधा शुल्क तय होने के बाद ही पुलिस की ओर से दो दिन का समय मीट कटान के लिए दिया गया था। बाद में एक अधिकारी को पता चला तो उसने भी सशर्त इजाजत दे दी। गत दिवस जब यह मामला अधिकारियों के सामने आया तो पुलिस अधिकारी इसकी गोपनीय तरीके से जांच में जुट गए हैं। छानबीन की जा रही है कि आरोपी पक्ष की बात में सच्चाई है या नहीं। 

खालापार में मंगलवार सुबह गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हुए हमले के बाद पुलिस कार्रवाई करने में जुटी है। खालापार के लोगों ने सरेआम आरोप लगाए हैं कि बातचीत के बाद ही मीट कटान के लिए दो दिन की छूट पुलिस की ओर से मिली थी। एक अधिकारी से भी बात हुई थी, उसने भी शर्त के साथ दो दिन की छूट दी थी। बवाल हुआ तो लोग इस बात पर खुलकर पुलिस के सामने आ गए। एक अधिकारी से जमकर नोकझोंक हुई। कहा गया कि जब सब कुछ तय था तो फिर दबिश क्यों दी गई।

इस मामले को लेकर गत विदस अधिकारी और लोगों में गाली-गलौज तक हुई। मामले की जानकारी एसपी सिटी से को दी गई। एसपी सिटी ओमवीर सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है, यदि इस तरह की बात सामने आई तो आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस ने जिन दस लोगों को जेल भेजा है, उनमें से एक ही नामजद है। बाकी दो बाहर के रहने वाले हैं।

मौके पर सीओ और अन्य पुलिसकर्मियों से भिड़ने वाला शहर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर और नेता को पुलिस ने कहीं नहीं दिखाया है, जबकि बवाल के दौरान वायरल हुई एक वीडियो में एचएस का बेटा सरकारी जीप में तोड़फोड़ और हंगामा काटता दिखाई दे रहा है। तथाकथित नेता का कोतवाली में खूब आना-जाना है। दबी जुबान से लोगों का कहना है कि नामजदगी इसी नेता के इशारे पर की गई है। 

रासुका के तहत होगी कार्रवाई      
मुजफ्फरनगर। खालापार बवाल के दोषियों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई के मूड में आ गई है। मामले की गंभीरता को लेकर देर रात सहारनपुर से डीआईजी ने शहर में जाकर घटना की जानकारी ली थी। रात से ही लगातार दबिशें जारी हैं। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि खालापार के आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। 

एहतियातन शहर में फोर्स की तैनाती      
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने अपनी लिखापढ़ी में शहर में तनाव के हालात दर्शातें हुए अफवाहबाजों को चिन्हित करने की बात कही है। शहर के प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात करते हुए ऐहतियात बरतने की बात लिखी है।      
 
खालापार प्रकरण में पुलिस ने तस्करा डालते हुए लिखापढ़ी में दर्शाया है कि मंगलवार को शहर में हुए बवाल में पूरे शहर में तनाव के हालात हैं, जिसके चलते भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। शहर की मिश्रित आबादी और संवेदनशील जगहों पर पुलिस तैनाती के अलावा गश्त बढ़ाई गई है। पूरे शहर में अफवाहों का बाजार गर्म है। इसके लिए विशेष ऐहतियात बरती जा रही है। शहर के अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस अपनी लिखा-पढ़ी में शहर के हालात तनावपूर्ण बताए हैं।       
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें