मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में किशोरी से युवक ने खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव फैल गया।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और किशोरी का मेडिकल कराया गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
नई मंडी क्षेत्र के गांव में शुक्रवार शाम 13 वर्षीय किशोरी दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए घर से निकली थी। उसी समय गांव का ही अंकित (18) पुत्र वेदपाल वहां से बुग्गी लेकर जा रहा था। किशोरी को अकेली देख उसने बुग्गी में बैठा लिया।
आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को घटना के बारे में बताने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। पीड़ित किशोरी ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी।
मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर नई मंडी पुलिस गांव पहुंची और आरोपी की तलाश में जुट गई।
पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोस्को की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी अंकित को जटमुझेड़ा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को मेडिकल के लिए भिजवाया।
गांव में दोनों समुदायों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
शहर में थे आईजी, गांव में हुई घटना ः शुक्रवार को जब आईजी सुजीत पांडेय पुलिस लाइन में अपराध रोकने के दावे कर रहे थे, उसी समय नई मंडी थाने के शहर से सटे गांव में यह वारदात हुई।
मामला दो समुदायों का होने का पता चलते ही पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में आरोपी की तलाश में दबिशें दी गईं। गांव के कुछ जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास में लगे थे, लेकिन पुलिस ने बिना कोई रिस्क लिए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया।
महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर के आवास विकास कालोनी निवासी युवक अमित शर्मा नागपुर में राजमिस्त्री का कार्य करता है। गत 10 जनवरी को वह वहां के मानकापुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को भगाकर ले आया। वहां की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया।
शनिवार को थाने के एसआई चंद्रकांत पाटिल अपनी टीम के साथ थाना सिविल लाइन पहुंचे और यहां की पुलिस को साथ लेकर आरोपी अमित शर्मा को आवास विकास कालोनी से दबोच लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने लड़की को मेरठ में रखा हुआ है। पुलिस टीम बाद में मेरठ के लिए रवाना हो गई। आरोपी ने पहले भी वहीं की दूसरे संप्रदाय की एक और युवती से शादी कर रखी है।