एसएसपी ने क्राइम ब्रांच की इंटेलिजेंस यूनिट और स्वाट टीम को लाइन हाजिर कर दिया है। कप्तान ने पूरे स्टाफ को लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए हैं। जल्दी ही नई टीम का गठन किया जाएगा। जिले में हो रही घटनाओं के खुलासे में रुचि नहीं दिखाने और काम में लापरवाही बरतने पर एसएसपी दीपक कुमार ने क्राइम ब्रांच की इंटेलिजेंस यूनिट और स्वाट टीम के प्रभारी को छोड़कर बाकी पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया है।
लाइन हाजिर किए गए स्टाफ को कप्तान ने तुरंत ही लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए। कप्तान ने नए लोगों का इंटरव्यू लेकर नई टीम का गठन करने के निर्देश एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता को दिए है। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नई टीम में आने वाला स्टाफ उनके यहां आवेदन कर सकता है। बताया कि कम्प्यूटर की अच्छी जानकारी रखने, मजबूत सूचनातंत्र और क्राइम की अच्छी जानकारी रखने वाले पुलिसकर्मियों को नई टीम में रखा जाएगा।
अपराध रोकने के लिए अदला-बदली
एसएसपी ने जिले में अपराध की रोकथाम के लिए दर्जन भर दरोगाओं को इधर से उधर किया है। तबादलों पर जाने वाले सभी एसआई से तुरंत ही तय जगहों पर जाने को कहा गया है।
जिले में बढ़ते अपराध पर नकेल कसने के लिए कप्तान दीपक कुमार ने मंगलवार को दर्जनभर दरोगाओं की अदला-बदली की हैं। बदले गए दरोगाओं में कर्मवीर सिंह को मीरापुर थाने से संभलहेड़ा चौकी, चंद्रसेेन सैनी को सिविल लाइन से शहर कोतवाली की रुड़की चुगी चौकी,
शिवकुमार को जसोई तितावी से पुलिस लाइन, रणपाल सिंह को तितावी थाने से जसोई चौकी, काले सिंह को पुलिस लाइन से महिला थाना, राजकुमार सिंह को सिविल लाइन से दधेडू चौकी चरथावल, सतेंद्र नागर को नईमंडी से कस्बा चौकी शाहपुर, धमेंद्र सिंह को कस्बा चौकी से शाहपुर, इंद्रजीत सिंह को नईमंडी कोतवाली से भंगेला चौकी खतौली, सुंदर कसाना जानसठ से बीबीपुर चौकी नईमंडी, कुसुम भाटी महिला थाने से नई मंडी कोतवाली, सीमा त्यागी का पूर्व में महिला थाने से शहर कोतवाली किया गया तबादला रद्द कर दिया गया हैं। स्थानांतरित किए गए दरोगाओं को तुरंत ही तय जगहों पर जाने के लिए कहा गया है।