चोरी के बाद खुर्द बुर्द किया सामान।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के शाहपुर में रविवार रात बदमाशों ने गांव रसूलपुर जाटान में ग्राम प्रधान सहित चार घरों में घुसकर चोरी और लूट की घटना को अंजाम दिया। एक रात्रि में चार घरों में घटना होने से गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
शाहपुर के गांव रसूलपुर जाटान में रात्रि में बदमाशों ने चार घरों से लाखों का माल साफ करने के साथ वृद्धा को लहूलुहान कर दिया। रात्रि लगभग दो बजे सेवाराम की दीवार फांदकर घुसे बदमाश ने घर खंगालने के बाद कुछ नहीं मिलने पर घर के बरामदे में सो रही बुजुर्ग बलजोरी के कानों के कुंडल झटक दिए, जिससे बलजोरी के कान फट गए और वह लहूलुहान हो गई। शोर मचाने पर जाग होने तक बदमाश फरार हो गया। उसके बाद गांव के ही दूसरे छोर पर स्थित जयवीर एडवोकेट के घर में घुसकर चारपाई पर लगी मच्छदानी को काटकर मोबाइल साफ कर दिया गया।
बराबर के मकान में घुसे बदमाशों ने दूसरी मंजिल पर सो रहे शोभाराम के पुत्र के कमरे के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा कर नीचे मकान में अलमारी, संदूक व बेड में भरे सामान को खंगाल डाला। अलमारी में रखे 8000 रुपये व अन्य सामान साफ कर दिया। वहीं, बाहर सो रहे शोभाराम की जेब में पड़े 400 रुपये भी ले गए। गांव में चौथी घटना ग्राम प्रधान नरेश चौधरी के घर पर हुई। मकान के छत पर परिवार के साथ सो रहे प्रधान पुत्र की चारपाई पर रखा 55 हजार रुपये कीमत का फोन चोरी कर लिया।