युवक को डंडा मारे जाने के बाद हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जानसठ तिराहे पर पुलिसकर्मी ने बाइक से जा रहे युवक को डंडा मार दिया। इससे गुस्साए युवक के परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिसकर्मी के साथ उनकी नोकझोंक तक हो गई। एसआई ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जीटी रोड पर बाइकों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। जानसठ तिराहे पर बाइकों को रोकने के लिए अधिकारियों ने रस्सा बंधवा दिया है। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। नागरिकों का कहना है कि पहली बार कांवड़ यात्रा में जानसठ तिराहे का रास्ता बंद किया गया है, जबकि इससे पूर्व कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ता बंद नहीं किया जाता था। पुलिस खुद कांवड़ियों के जत्थे गुजरने के बाद बाइक सवारों को निकलवा देती थी।
इस बार प्रशासन ने नगर के रहने वाले लोगों की बाइक तक को निकलना बंद कर दिया है। जिसको लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है। बुधवार को कुछ ऐसा ही हुआ कि युवक अपने पिता के साथ बाइक पर अपनी बीमार मां को चिकित्सक के यहां दिखाकर जानसठ तिराहे से निकल रहा था। इसी दौरान वहां तैनात एक पुलिसकर्मी ने युवक के बाल पकड़ कर उसको डंडा मार दिया। जिसको लेकर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इतना ही नहीं युवक के पिता की पुलिसकर्मी के साथ नोकझोंक तक हो गई। हंगामा होने पर दूर खड़े एक एसआई ने मौके पर पहुंच कर युवक के परिजनों को समझा बुझाकर बाइक पर बैठाकर भेज दिया।