बागपत के सिखेड़ा में ससुरालवालों ने विवाहिता की हत्या कर दी और शव को बोरे में बंदकर नाले में डाल दिया। पुलिस ने ससुर को हिरासत में लिया तो उसने हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने ससुर की निशानदेही पर शव को नाले से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों की ओर से थाने में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक थाना ककरौली क्षेत्र के गांव खोखनी निवासी विक्रम की बेटी सरिता की शादी थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा निवासी राजकुमार पुत्र शोपाल के साथ इसी वर्ष माह अप्रैल में हुई थी। मायके वालों का कहना है कि विवाह के बाद से ही ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले आए दिन सरिता को प्रताड़ित करते रहते थे। शनिवार की सुबह गांव सिकरेड़ा से किसी ग्रामीण ने विक्रम को मोबाइल फोन करके बताया कि उनकी बेटी
सरिता घर में दिखाई नहीं दे रही है। इतनी बात सुनकर मायके वाले थाना सिखेड़ा में पहुंचे और सरिता की हत्या करने की आशंका जताई। पुलिस ने शक के आधार पर ससुर शोपाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ससुर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
ससुर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात को उन्होंने सरिता की गर्दन पर बलकटी से प्रहार कर हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद करके भगवानपुर के नाले में डाल दिया है। पुलिस ने ससुर की निशानदेही पर नाले से शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने के बाद से पति व अन्य ससुरालवाले घर से फरार हैं। थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अभी तक पुलिस का तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर ससुरालवालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।