शहर निवासी युवती को शादी का झांसा देते हुए ममेरे भाई ने प्रेमजाल में फंसाकर यौन शोषण किया। युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी के लिए समय मांगते हुए गर्भपात करा दिया। अब शादी करने से इंकार करते हुए धमकियां देनी शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसका भांजा कई साल से उन्हीं के घर पर रहकर एसी का काम सीख रहा था। आरोप है कि घर में रहते हुए भांजे ने अपनी फुफेरी बहन को प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए।
आरोपी काफी दिन तक युवती का यौन शोषण करता रहा, जिसके चलते करीब आठ माह पूर्व युवती गर्भवती हो गई। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो आरोपी व उसके परिजनों को बुलाकर शादी करने के लिए कहा गया। युवक के युवती का गर्भपात कराकर छह माह बाद दोनों की शादी करने का प्रस्ताव रखा।
जिस पर परिजनों ने सहमति जता दी। आरोप है कि छह माह से अधिक बीतने के बाद 25 जून को जब युवती का पिता दोनों की शादी की बात करने भांजे के घर गया तो आरोपी व उसके परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित को धमकियां भी दीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।