पुलिस को घटना की जानकारी देता पीड़ित ठेकेदार।
- फोटो : अमर उजाला
सिंचाई विभाग के ठेकेदार की स्कूटी से पांच लाख रुपये चोरी कर लिए गए। वह बैंक से रुपये निकालकर लाया था। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर ठेकेदार से घटना की जानकारी ली।
शहर कोतवाली के अबूपुरा निवासी राकेश कुमार पुत्र धूम सिंह महावीर चौक स्थित सिंचाई विभाग में ठेकेदार है। राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह लगभग 11.30 बजे भारतीय स्टेट बैंक से 6 लाख रुपये निकालकर अपनी स्कूटी से महावीर चौक पर सिंचाई विभाग के दफ्तर में पहुंचा। उसने उनमें से एक लाख रुपये अपनी जेब में रखकर बाकी के पांच लाख रुपये स्कूटी की डिग्गी में रखकर अंदर किसी काम से चला गया।
वापस आने पर जैसे ही उसने स्कूटी को देखा तो उसके होश फाख्ता हो गए। उसकी डिग्गी तोड़कर किसी ने उसके पांच लाख रुपये उड़ा लिए थे। यह सब देखकर उसने दफ्तर में शोर मचा दिया और इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस के अलावा सीओ सिटी डॉ. तेजवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित ठेकेदार से जानकारी हासिल कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें की सिंचाई विभाग में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, लेकिन वे काफी समय से ख़राब चल रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की ओर से पांच लाख रुपये चोरी होने की तहरीर ले ली है।