मुजफ्फरनगर। रोहाना में शुक्रवार देर रात पुलिस चौकी से करीब एक किमी की दूरी पर स्थित ढाबे और धर्मकांटे पर छह नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने स्टेट हाईवे पर जमकर लूटपाट की। बेखौफ लुटेरों ने ढाबा, धर्मकांटा मालिक और कर्मचारियों के साथ ही कई ट्रक, ट्रैक्टर चालकों को बंधक बनाकर नकदी-मोबाइल लूट लिए। होटल संचालक ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सबसे पहले डायल-100 मौके पर पहुंची, जिसे देख लुटेरे फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसके बाद फोर्स के साथ पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने सभी लोगों को बंधनमुक्त कराकर लुटेरों की तलाश की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोहाना खुर्द निवासी अमित त्यागी का रोहाना में स्टेट हाईवे पर नीलकंठ ढाबा और रजत धर्मकांटा स्थित है। अमित शुक्रवार रात कार से करीब 12 बजे सहारनपुर से 60 हजार रुपये भुगतान लेकर लौटा था। उसकी जेब में भी 17 हजार रुपये मौजूद थे। इसी दौरान गांव मलीरा में चल रहे बवाल के कारण वह कुछ देर धर्मकांटे के बाहर ही गाड़ी खड़ी कर आराम करने लगा।
कुछ देर बाद ही छह नकाबपोश हथियारबंद बदमाश होटल पर पहुंचे और वहां मौजूद सभी कर्मचारियों के साथ ही वहां रुके ट्रक व ट्रैक्टर चालकों को भी हथियारों के बल पर धर्मकांटे पर बने कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर उनसे नकदी और मोबाइल लूट लिए। इसी दौरान आहट पाकर कार से निकले अमित को भी गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बनाते हुए उससे भी 77 हजार रुपये लूट लिए।
इसके बाद जो भी ट्रक व ट्रैक्टर चालक नीलकंठ ढाबे पर आकर रुकता रहा, उसे लुटेरे कब्जे में लेकर लूटपाट के बाद बंधक बनाते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक लुटेरों ने जमकर लूटपाट की। इसी दौरान लुटेरों का शिकार बने एक ट्रैक्टर चालक ने अपना मोबाइल किसी तरह छिपा लिया। जिससे अमित त्यागी ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
जिसके बाद सबसे पहले डायल-100 मौके पर पहुंची, जिसे देख लुटेरे फायरिंग करते हुए फरार हो गए। यह देख डायल-100 ने आला अफसरों को घटना से अवगत कराया। जिस पर शहर कोतवाल इंस्पेक्टर अनिल कपरवान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को बंधनमुक्त कराते हुए लुटेरों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। होटल संचालक अमित त्यागी की तहरीर पर 77 हजार रुपये चोरी की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की है। उधर, इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि कुछ लुटेरों को ढाबे पर लूटपाट की थी, जिनकी तलाश की जा रही है।
मलीरा में उलझी रही पुलिस, रोहाना में होती रही लूट
मुजफ्फरनगर। पुलिस मलीरा में हादसे में युवक की मौत के बाद हुए बवाल में उलझी रही और उधर रोहाना में बेखौफ लुटेरे नीलकंठ ढाबे व धर्मकांटे पर लूटपाट को अंजाम देते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक लुटेरे पूरी तरह बेखौफ होकर होटल मालिक व कर्मचारियों के साथ ही ट्रक व ट्रैक्टर चालकों को बंधक बनाकर लूटपाट करते रहे, लेकिन मलीरा में बवाल से जूझती पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। करीब डेढ़ घंटे बाद एक ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ से लुटेरों से छिपाए गए मोबाइल से होटल मालिक अमित त्यागी ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को होल्डअप की जानकारी मिली। अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरे घटना को अंजाम देकर सुरक्षित भाग चुके थे।
तीन दिन पूर्व साखन कलां में हुई थी लूटपाट
मुजफ्फरनगर। रोहाना के नीलकंठ ढाबे पर होटल कर्मियों व वाहन चालकों को बंधक बनाकर हुई लूट से ठीक तीन दिन पूर्व इसी तर्ज पर देवबंद के गांव साखन कलां में स्थित मिलन ढाबे पर भी छह लुटेरों ने होटल मालिक मोनू त्यागी व कर्मचारियों के साथ ही कई वाहन चालकों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। इससे एक हफ्ते पूर्व नागल में भी एक होटल पर इसी तरह लूट की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है।
वहीं, शुक्रवार को ही शाम करीब सात बजे छपार क्षेत्र के गांव कासमपुर पठेड़ी में किसान यूसुफ को बंधक बनाकर छह बदमाशों ने ही चार हजार रुपये व मोबाइल की लूट की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि स्टेट हाईवे-58 के साथ उससे जुड़े देवबंद व छपार क्षेत्र में भी छह लुटेरों का एक गिरोह पिछले एक पखवाड़े से लगातार लूट की वारदातों को अंजाम देता आ रहा है, जो लूट करने के बाद जंगल में जाकर छिप जाता है। लुटेरे गिरोह के दो जनपदों में होने के चलते पुलिस के लिए इन लुटेरों को पकड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि लुटेरों की तलाश में एक टीम लगा दी गई है और बहुत जल्द इस गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा।