मुजफ्फरनगर के तितावी में सैदपुर रजवाहे के पास अमीरनगर लडवा रोड के पास भोल्ला वाली चकरोड पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने राहगीरों को बंधक बनाकर लूटपाट की। जफरपुर निवासी महिपाल पुत्र कालू गाजियाबाद में मजदूरी करता है। दीपावली के त्योहार के चलते शनिवार रात वह घर आ रहा था। रात करीब आठ बजे बघरा पहुंचने पर महिपाल ने गांव से बेटे प्रदीप और भतीजे अरविंद को बुलवाया।
बघरा से तीनों दो साइकिलों पर सवार होकर गांव के लिए चल दिए। सैदपुरा खुर्द के रजवाहे के पास भोल्ला वाली चकरोड पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने तमंचों के बल पर तीनों को रोक लिया और पास के ईख के खेत में ले गए। बदमाशों ने महिपाल से नौ हजार की नगदी, मोबाइल फोन और अरविंद का भी मोबाइल लूट लिया।
लूट के बाद तीनों को रस्सी से बांधकर खेत में ही डाल दिया। बदमाश फिर से सड़क पर आ गए। इसी दौरान बघरा की ओर से गुरमीत अपने दो साथियों सावन एवं एक अन्य के साथ बाइक से वहां से गुजरा। बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक दौड़ा दी। गांव पहुंचकर सारी बातें बताईं। तितावी पुलिस ने खेत से महिपाल, अरविंद और प्रदीप को मुक्त कराया। उधर, धनसैनी निवासी भट्ठा कारोबारी बाबूराम पुत्र उमरसिंह रात को स्कूटी से अपने गांव धनसैनी जा रहा था। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गढ़ी देशराज की चकरोड पास बदमाशों ने उसको लूट लिया।