मुजफ्फरनगर। हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद दो माह के लिए छोड़े गए दो कैदी बीच अवधि में ही घर से फरार हो गए। दोनों कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। निर्धारित अवधि तक वापस जेल नहीं आने पर जेल अधीक्षक ने शामली के डीएम, एसपी और संबंधित थाने को अवगत करा दिया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।
शामली के झिंझाना थाने के केरटू निवासी धर्मेंद्र उर्फ धन्ना और बिट्टू उर्फ सुधीर हत्या के मामले में जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। हाईकोर्ट के आदेश पर दोनों को चार मार्च को दो माह के पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल अवधि खत्म होने पर तीन मई को दोनों को जेल में पेश होना था। तय समय के बाद भी दोनों कारागार नहीं पहुंचे। जेल अधीक्षक ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि दोनों अपने घरों से फरार हो चुके हैं। दोनों के वापस नहीं आने के पर जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने शामली के डीएम, एसपी और संबंधित थानेे को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। अधीक्षक ने अधिकारियों से दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। मामले की जानकारी शासन को भी भेज दी गई है।
11 बजे तक मिलाई की ऑनलाइन बुकिंग
मुजफ्फरनगर। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मिलाई के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराने का समय निर्धारित कर दिया गया है। बताया गया है कि सुबह 11 बजे तक मिलाई पर आने वाले लोग बुकिंग करा सकते हैं। तय समय के बाद बुकिंग नहीं की जाएगी।