शामली। दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव बसी चुंधियारी निवासी किशोरी 13 अगस्त को लापता हो गई थी। उसका शव 22 अगस्त को चांदीनगर (बागपत) क्षेत्र में पड़ा मिला था। लड़की की बहन ने मामले में झिंझाना थाने पर केस दर्ज कराया था। छानबीन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के नाम-पते मालूम किए।
मंगलवार को बिड़ौली बस अड्डे के पास से आरोपी अकबर पुत्र अब्दुल रहमान निवासी मोहल्ला नई बस्ती, खेकड़ा, अकबर पुत्र अमीर सक्का निवासी मोहल्ला अहिरान खेकड़ा तथा इमरान पुत्र बाबू निवासी ग्राम गोना चांदीनगर बागपत को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी मंगलवार दोपहर एक बजे एसपी ऑफिस पर मीडिया के सामने पेश किए गए। एसपी विजय भूषण ने बताया कि तीनों आरोपी फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। बसी चुंधियारी गांव में भी वह कई बार गए थे। इसी दौरान आरोपी इमरान की मुलाकात लड़की से हुई और फोन पर बातचीत होने लगी। करीब एक माह तक बातचीत होती रही।
इसके बाद ही प्लानिंग के तहत किशोरी को बहला-फुसलाकर साथ ले गए। चांदीनगर इलाके में उसके साथ दुष्कर्म किया और गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव खेत में छिपाकर फरार हो गए। एसपी ने वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा की।
एक ने पकड़े पैर, दूसरे ने घोंटा गला
एसपी आफिस पर जुर्म कबूलते हुए आरोपी इमरान ने बताया कि हत्या के दौरान उसने लड़की के पैर पकड़ रखे थे, जबकि अकबर पुत्र अब्दुल रहमान ने गला घोंटा था। इमरान ने यह भी बताया कि लड़की अपने घर से 50 हजार रुपये लाने की बात कह रही थी, लेकिन वह खाली हाथ आ गई थी।