जानसठ के गांव मेहलकी में बृहस्पतिवार की रात को ससुराल वालों ने दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता की जहर देकर हत्या कर दी। ससुराल वाले शव का अंतिम संस्कार करने लगे। हत्या की सूचना पर पुलिस ने चिता से अधजला शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता ने पति समेत सास व ससुर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी पाला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री 26 वर्षीय प्रेमीवती उर्फ पिंकी की शादी छह वर्ष पूर्व क्षेत्र के गांव मेहलकी निवासी सुनील पुत्र सहेंद्र से की थी। उसने दो पुत्रियों को जन्म दिया। पिछले छह माह से सुनील और उसके परिजन दहेज में बाइक लाने के लिए पिंकी को प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी ने होने पर बृहस्पतिवार की रात पिंकी के ससुराल पक्ष ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी।
शुक्रवार की सुबह ससुराल वाले शव का अंतिम संस्कार करने लगे। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सीओ एसकेएस प्रताप और इंस्पेक्टर अमरदीप लाल पुलिस बल को साथ लेकर श्मशान घाट पहुंचे। पुलिस ने चिता से मृतका का अधजला शव निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति सुनील, सास तारा देवी, ससुर सहेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सास तारादेवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।