मुजफ्फरनगर के चरथावल-खुसरोपुर मार्ग पर रहने वाले मजदूर के परिजनों को बंधक बनाकर बदमाश नगदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे शौकीन परिवार समेत कस्बे के बाहरी छोर पर भूमिया के पास अपने मकान में सोया हुआ था।
रात करीब एक बजे छत के रास्ते से दीवार कूूंदकर बदमाश मकान के अंदर घुस आए। उन्होंने तमंचे की नोंक पर शौकीन की पत्नी और उसके बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद शौकीन की मौजूदगी में मकान का तमाम सामान खंगाला।
कमरे में आलमारी में रखे दो हजार नगद और महिला के सोने और सोने के जेवरात अपने कब्जे में कर लिये। घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले मोबाइल फोन कब्जे में किया। उसकी बैट्री निकालकर वारदात को अंजाम दिया।
लूटपाट करने के बाद पूरे परिवार को कमरे में बंद कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिजनों के शोर पर आसपास के लोगों ने कमरा खोलकर बाहर निकाला। रात में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।