जानसठ कसबे के एक कंप्यूटर सेंटर के मालिक की बृहस्पतिवार रात धारदार हथियारों और ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया और नगर में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम की मदद से एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। व्यापारियों ने बाजार बंद कर शोक जताया।
नगर के पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर पायल सिनेमा के पीछे रहने वाले विजय सैनी का पुत्र अंकित सैनी (28) गुरुनानक मार्केट में पलक के नाम से कंप्यूटर सेंटर एवं फोटोग्राफी की दुकान करता है। बृहस्पतिवार देर शाम अंकित को उसकी पत्नी मंजू सैनी ने मोबाइल पर फोन कर कहा कि वे दुकान बंद कर घर का बाजार से सामान खरीदकर लेते आएं।
देर रात तक अंकित के घर नहीं पहुंचने पर उसकी पत्नी ने फोन किया तो अंकित का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पत्नी ने अंकित के देर रात तक घर नहीं आने की जानकारी अपने सास-ससुर को दी। परिजनों ने रात में अंकित की तलाश शुरू कर दी थी। परिजन अंकित को तलाश करते हुए दुकान पर पहुंचे। दुकान खुली हुई थी और उसमें से हजारों रुपयों का सामान गायब मिला।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया और अंकित को तलाश करना शुरू किया। अंकित का शव मोहल्ले में ही गली में एक घर के पास पशु बांधने के छप्पर में पड़ा मिला। अंकित का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे सीओ एसकेएस प्रताप और इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ के मुताबिक अंकित की हत्या धारदार हथियारों और ईंट से कुचलकर की गई है।
शुक्रवार सुबह सीओ ने जांच-पड़ताल के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाकर जांच-पड़ताल कराई। एसपी देहात अजय सहदेव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली। मृतक के पिता विजय सैनी ने मोहल्ले के रहने वाले पंकज सैनी पुत्र बसंत सैनी सहित तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम की मदद से नामजद हत्यारोपी पंकज सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, व्यापारियों ने गुरुनानक मार्केट का बाजार बंद कर हत्या पर दुख जताया।
गुमराह करने के लिए की गई दुकान में की चोरी
हत्यारों ने अंकित सैनी की हत्या से पुलिस को गुमराह करने के लिए उसकी दुकान में चोरी को अंजाम दिया, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। पुलिस के मुताबिक संभवत: हत्यारों ने अंकित की हत्या कर उसकी जेब से दुकान की चाबी निकाली होगी। हत्यारे दुकान का ताला खोलकर लैपटॉप, मोबाइल, लेमिनेशन मशीन आदि समेत हजारों रुपयों का सामान चोरी कर ले गए, जबकि हत्यारों ने कीमती सामान के साथ छेड़छाड़ तक नहीं की थी।
छह महीने पहले हुई थी अंकित की शादी
परिजनों ने बताया कि छह माह पूर्व अंकित की शादी हुई थी। नगर एवं मोहल्ले में अंकित और उसके परिवार के सदस्यों का किसी से कोई विवाद नहीं है। अंकित चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में मां कुसुम, पत्नी मंजू, भाई नितिन, सोनू, आशु का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर में अंकित हत्याकांड को लेकर शोक व्याप्त है। नगरवासी, अधिवक्ता एवं आसपास क्षेत्र के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
मुख्य हत्यारोपी गिरफ्तार
जानसठ। कंप्यूटर सेंटर मालिक अंकित सैनी का मुख्य हत्यारोपी पड़ोस में रहने वाला दूर के रिश्तेदार के परिवार का लड़का पंकज सैनी ही निकला। हत्यारोपी के पिता बसंत सैनी की कई वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। हत्याकांड की जांच-पड़ताल करते हुए सूंघता हुआ डॉग स्क्वॉड हत्यारोपी के मकान पर पहुंचकर रुक गए। इसके बाद डॉग मकान के अंदर घुस गया। पुलिस को तुरंत पक्का शक हो गया और पुलिस ने मकान की तलाश ली।
कमरे में से खून से सनी हुई हत्यारोपी की पैंट एक गत्ते के डिब्बे के अंदर से मिली। खून से सनी पैंट के मिलते ही पुलिस के अलावा साथ में मृतक अंकित के पिता विजय उर्फ पप्पू सैनी को भी पंकज पर हत्या करने का शक हो गया था। पुलिस ने परिजनों के साथ अंकित को तलाश करवाने को साथ घूमने वाले हत्यारोपी पंकज सैनी को पकड़ लिया। मृतक के पिता को पंकज सैनी पर ही बेटे की हत्या करने का शक होने पर उसने पुलिस को नामजद तहरीर दे दी।
पुलिस ने मृतक के पिता की ओर से मुख्य हत्यारे पंकज सैनी को नामजद करते उसके तीन अन्य अज्ञात दोस्तों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कर लिया। जिस वक्त आरोपी पंकज सैनी को पुलिस ने पकड़ा, उस वक्त भी वह नशे की हालत में था। पुलिस का कहना है कि पंकज सैनी ने अपने साथी दोस्तों के साथ मिलकर नशे में ही अंकित की हत्या की है।
लूट के इरादे से अंकित की हत्या कर डाली
इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान का कहना है कि मृतक अंकित सैनी हाथ में सोने की अंगूठी और गले में भी सोने की ही चेन पहनता था। संभवत: हत्यारोपियों ने लूट के इरादे से ही नशे की हालत में अंकित की हत्या की होगी। शनिवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
पुलिस ने नामजद हत्यारोपी पंकज सैनी को पकड़ लिया गया है। उसके दो दास्त मिंटू व गौरव को भी हिरासत में ले लिया गया है। हत्यारोपी व उसके साथियों से पूछताछ की जा रही है। शनिवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा -एसकेएस प्रताप, सीओ।