दिल्ली से चला चीनी कारोबारी मुजफ्फरनगर आते हुए बीच रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घर वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अफसरों से उसकी तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने लापता व्यापारी के नंबरों को सर्विलांस पर लगाया तो उसकी आखिरी लोकेशन संधावली, बागोवाली और शेर वाली कोठी के पास की मिली। सिविल लाइन पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कारोबारी की तलाश शुुरू कर दी है।
दिल्ली के प्रेमनगर निवासी सूरज सिंह पुत्र शिवराम सिंह का चीनी का कारोबार है। मंगलवार को कारोबारी काम के सिलसिले में दिल्ली से मुजफ्फरनगर आया था। दोपहर में सूरज सिंह ने पुत्री को फोन कर बताया कि वह मुजफ्फरनगर पहुंचने वाला है। इस काल के बाद से ही उसका फोन बंद हो गया। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने परिचितों के फोन मिलाकर मामले को जानने का प्रयास किया, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। दो दिन से तलाश के बाद भी व्यापारी का कुछ पता नहीं चला।
बुधवार शाम कारोबारी का भाई हरी सिंह दिल्ली से आकर भाजपा नेताओं के साथ एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह से मिला। एसपी सिटी ने व्यापारी के दोनों नंबरों को सर्विलांस पर लगाया तो उनकी लोकेशन संधावली, बागोवाली एवं शेरो वाली कोठी की निकली। पीड़ित भाई ने खतौली और नई मंडी कोतवाली पुलिस से भी मामले को लेकर संपर्क साधा।
बृहस्पतिवार सुबह हरीसिंह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सहरावत के साथ शहर कोतवाली पहुंचा और भाई की गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दी। मामला सिविल लाइन का होने के कारण कोतवाल ने उन्हे वहां भेज दिया। सिविल लाइन पुलिस ने व्यापारी की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लापता कारोबारी के नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है, पुलिस जांच में जुटी है।