भोपा के युसुफपुर गांव में चीनी मिल कर्मी ने गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना क्षेत्र के गांव युसुफपुर निवासी 60 वर्षीय मांगेराम पुत्र हरदेवा मोरना चीनी मिल में नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर को वह कमरे में गया और अपने पेट में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर बराबर के मकान में बैठे परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
कमरे की अंदर की कुंडी लगी होने के कारण दरवाजा तोड़कर घायल को बाहर निकाला। उसको पहले मुजफ्फरनगर और इसके बाद मेरठ रेफर किया गया। परिजनों ने बताया कि मांगेराम का इकलौता बेटा 40 वर्षीय जितेंद्र डेढ़ वर्ष पूर्व उस समय घर से निकलकर चला गया था, जब वह पंचायत चुनाव में बीडीसी का चुनाव लड़ रहा था, तभी से मांगेराम टेंशन में रहने लगा। जिसके चलते उसने आत्महत्या की कोशिश की।
मांगेराम की पुत्र वधू रेनु भी तीन बच्चों समेत ससुर के पास रह रही है। सीओ अकील अहमद ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। कमरे से एक 315 का जिंदा कारतूस भी पुलिस को मिला है। जबकि जिस तमंचे से गोली मारी वह तमंचा नहीं मिला। पुलिस उनकी तलाश में लगी है। देर रात उपचार के दौरान मांगेराम ने दम तोड़ दिया।