मंसूरपुर के ऑनर किलिंग के मामले में पुलिस ने प्रेमी अरुण की लाश मिलने के बाद अपहरण के मामले को हत्या में भी तरमीम कर लिया है। अभी तक प्रेमिका आंचल का शव नहीं मिला है। वहीं, अरुण के शव का रविवार शाम पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। रविवार देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पुलिस की सुरक्षा में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मंसूरपुर में रेलवे लाइन पार बस्ती के रहने वाले कृष्ण ने अपने दोस्त काजू के साथ मिलकर 10 अप्रैल को बहन के प्रेमी अरुण की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खतौली की गंगनहर में फेंक दिया था। 12 अप्रैल को भाई ने बहन आंचल की भी गला दबाकर हत्या कर जौली की गंगनहर में फेंक दिया था।
पुलिस हिरासत में लिए जाने पर कृष्ण व दोस्त काजू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। अरुण का शव सलावा झाल में मिलने के बाद मेरठ पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। रविवार देर शाम को अरुण का शव घर पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की सुरक्षा में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने इस मामलों को हत्या में तरमीम कर दिया है। साथ ही एससीएसटी एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। रविवार को पुलिस ने जौली गंगनहर में आरोपियों के बताए गई जगह पर आंचल के शव को तलाश कराया। शव तलाश करने के लिए गोताखोरों का भी सहारा लिया गया। इसके बावजूद आंचल का शव नहीं मिल सका है। इंस्पेक्टर मंसूरपुर का कहना है कि आंचल के शव की तलाश की जा रही है।